सुरभि न्यूज़
लांगणा, जोगिंदर नगर
उपमंडल जोगिन्द्र नगर की लांगणा पंचायत के चिमनू गांव के मेधावी युवा डॉ. अभिनव शर्मा ने डॉक्टर बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद अब डॉ. अभिनव शर्मा धर्मपुर स्वास्थ्य केंद्र में अपनी सेवाएं देंगे। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर चिकित्सा क्षेत्र में मुकाम हासिल करने वाले डॉ. अभिनव शर्मा की सफलता के पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन रहा है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ज्योति पब्लिक स्कूल लांगणा से प्राप्त की। इसके बाद न्यू क्रिसेंट स्कूल जोगिन्द्र नगर से दसवीं कक्षा उत्तीर्ण की तथा जमा दो की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जोगिन्द्र नगर से पूरी की।
डॉक्टर बनने के लक्ष्य को लेकर उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नेरचौक (मंडी) में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। कठिन चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण के बाद अब वे चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हैं।
डॉ. अभिनव शर्मा की इस सफलता पर उनके परिवार, रिश्तेदारों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है। स्थानीय लोगों और उनके शिक्षकों ने उन्हें डॉक्टर बनने पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के एक सामान्य परिवार से निकलकर चिकित्सा क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाले डॉ. अभिनव शर्मा की उपलब्धि लांगणा और जोगिन्द्र नगर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है। धर्मपुर स्वास्थ्य केंद्र में उनकी सेवाएं शुरू होने से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
सुरभि न्यूज़ परिवार की ओर से डॉ. अभिनव शर्मा को डॉक्टर बनने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।











