सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, जोगिंदर नगर : 16 सितंबर
मंडी जिला के जोगिंदर नगर में RCFC बचाओ संघर्ष समिति की भूख हड़ताल बुधवार को 28वें दिन में प्रवेश कर गई। लंबे समय से जारी आंदोलन के बावजूद केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई न होने पर संघर्ष समिति के नेताओं ने नाराजगी जताई। समिति का कहना है कि RCFC को जोगिंदर नगर से स्थानांतरित करने के निर्णय के खिलाफ क्षेत्र की जनता में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है।
28वें दिन भूख हड़ताल पर सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता कृपाल ठाकुर, सेवानिवृत्त सहायक अभियंता बृज गोपाल अवस्थी, व्यवसायी एवं गैस एजेंसी संचालक दमनदीप सिंह तथा हराबाग निवासी प्रेम सिंह बैठे।
इस दौरान संघर्ष समिति के महासचिव रोटेरियन अजय ठाकुर, सलाहकार एवं सेवानिवृत्त एक्सियन अमर सिंह जसवाल, उपाध्यक्ष कैप्टन लाभ सिंह धरवाल, सचिव कर्म चंद, सलाहकार भूपेंद्र पाल ठाकुर, तारा चंद ठाकुर, नेरी चिमनू से मनीष शर्मा, लांगणा पंचायत प्रधान, जवाहर लाल, अधिवक्ता अनिल कुमार, मनोज कुमार, रमेश चंद तथा संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
संघर्ष समिति के महासचिव अजय ठाकुर ने भूख हड़ताल में शामिल पिछले दिन और बुधवार के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जब तक RCFC को जोगिंदर नगर से स्थानांतरित करने की अधिसूचना रद्द नहीं की जाती, तब तक जनता का आंदोलन जारी रहेगा।
संघर्ष समिति के सलाहकार एवं इंजीनियर बृज गोपाल अवस्थी ने केंद्र और प्रदेश सरकार के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से अपनी मांग को लेकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि जो नेता सत्ता से जुड़े होने के बावजूद इस आंदोलन से दूरी बनाए हुए हैं, जनता उनके रवैये को भी देख रही है।
सरकारों के स्तर पर लिया जाता है संस्थान स्थानांतरण का फैसला
संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज और सलाहकार इंजीनियर कृपाल ठाकुर ने कहा कि किसी संस्थान को एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने का फैसला किसी अधिकारी के स्तर पर नहीं, बल्कि सरकार के स्तर पर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि जोगिंदर नगर में स्थापित RCFC को दूसरे जिले में स्थानांतरित करने का निर्णय केंद्र सरकार ने लिया है, तो निश्चित तौर पर इस प्रक्रिया में प्रदेश सरकार से भी विचार-विमर्श हुआ होगा।
उन्होंने कहा कि आंदोलन में क्षेत्र की जनता के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी भाग ले रहे हैं। ऐसे में सत्ता के नजदीकी नेताओं को भी जनता के साथ खड़े होकर अपनी-अपनी सरकारों के समक्ष संस्थान को जोगिंदर नगर में बनाए रखने की मांग मजबूती से उठानी चाहिए।
संघर्ष समिति ने कांगड़ा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर, मंडी की सांसद कंगना रनौत तथा राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा से RCFC के स्थानांतरण का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाने की मांग की।
समिति पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि संबंधित सांसद क्षेत्र की जनता की मांग को केंद्र सरकार तक पहुंचाएंगे और RCFC के स्थानांतरण की अधिसूचना रद्द करवाने के लिए प्रभावी पहल करेंगे।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि RCFC को जोगिंदर नगर में बहाल रखने की मांग को लेकर आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक स्थानांतरण संबंधी अधिसूचना वापस नहीं ली जाती।













