सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, चंडीगढ़
एनएचपीसी लिमिटेड, क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत नगर निगम चंडीगढ़ के सहयोग से स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत 22 सितंबर को सेक्टर-42 के साइकिल ट्रैक तथा 23 सितंबर को सेक्टर-32सी स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया।
एनएचपीसी के कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम के मार्गदर्शन में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एनएचपीसी अधिकारियों-कर्मचारियों और नगर निगम चंडीगढ़ के स्टाफ ने संयुक्त रूप से निर्धारित Cleanliness Target Units (CTU) की साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सार्वजनिक स्थलों की सफाई की तथा स्वच्छ और बेहतर वातावरण बनाने का संदेश दिया। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
नगर निगम चंडीगढ़ की ओर से उपलब्ध करवाए गए जागरूकता पैम्फलेट भी नागरिकों में वितरित किए गए। इनमें लोगों को गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक और सैनिटरी कचरे को अलग-अलग रखने तथा उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
नागरिकों को खुले में कचरा न फेंकने और न जलाने, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा संग्रहण के समय कचरे को निर्धारित श्रेणियों में अलग करके देने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही, स्वच्छता संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए संपर्क माध्यमों की जानकारी भी साझा की गई।
एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ ने इस अवसर पर स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और स्वच्छ एवं स्वस्थ सार्वजनिक वातावरण के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।











