सुरभि न्यूज़
त्रिपाठी कौर मुसाफिर, बिलासपुर
कल्याण कला मंच बिलासपुर की ओर से नगर स्थित काले बाबा की कुटिया, हनुमान टिल्ला में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में मंच की पूर्व प्रधान एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिलब्ध नृत्यांगना फूलां चंदेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी रूमा चंदेल ने फूलां चंदेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत आलेख प्रस्तुत किया। उन्होंने उनके कला, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन और कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
सभा में डीपीआरओ आनंद सोहर, बिलासपुर राम नाटक समिति के मंच संचालक ओंकार नाथ शर्मा तथा सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रमेश शर्मा के निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान सभी दिवंगत व्यक्तित्वों के सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र में किए गए योगदान पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इन विभूतियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सेवाएं देकर समाज के विकास में योगदान दिया, जिसे लंबे समय तक स्मरण किया जाता रहेगा।
कल्याण कला मंच की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि मंच केवल साहित्यिक एवं सांस्कृतिक रचनाओं को प्रस्तुत करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन मूल्यों, मानवीय सरोकारों, नैतिक मूल्यों और पर्यावरणीय चेतना के प्रति समाज को जागरूक करने का भी निरंतर प्रयास करता है। मंच अपने समय के महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों, उनकी सेवाओं और स्मृतियों को संजोकर एक तरह के सांस्कृतिक अभिलेख का कार्य कर रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि समाज में व्याप्त विसंगतियों पर आत्ममंथन और चिंतन करते हुए सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाना भी मंच की प्राथमिकताओं में शामिल है। महर्षि व्यास की कर्मभूमि बिलासपुर में इस तरह के आयोजन संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं की उस मशाल को आगे बढ़ाने का प्रयास हैं, जिसकी लौ पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित होती रहे। सभा में दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धा और संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति भी गहरी संवेदनाएं प्रकट की गईं।











