सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 7 अक्तूबर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को कुल्लू में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ‘सेवा ज्योति’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी और 2014 से वे देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सेवा कर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ की भावना को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि एक तरफ ऐसा नेतृत्व है जो राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कार्य में लगा हुआ है, जबकि दूसरी तरफ एक ऐसा राजनीतिक दल है जो देश में अराजकता का माहौल पैदा कर एक परिवार को सत्ता में लाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा, “एक समय था जब पार्टी की स्थापना पर कुछ लोग परिहास करते थे, लेकिन आज उसी पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता देश का प्रधानमंत्री है।” उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने कभी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा व्यक्त नहीं की, बल्कि संगठन के प्रति समर्पित रहकर लगातार काम किया और आज वे देश के सबसे प्रमुख राजनीतिक नेतृत्व में हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल तक नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा 25 वर्ष पूर्ण कर चुकी है। उनके अनुसार, इस दौरान कई ऐसे निर्णय हुए जिन्हें पहले असंभव माना जाता था। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा, आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई तथा नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक मंच पर भूमिका मजबूत हुई है और देश मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ देश वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति निरंतर समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देशवासी उन्हें आने वाले वर्षों में भी देश का नेतृत्व करते हुए देखना चाहते हैं।
इससे पहले कुल्लू पहुंचने पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने जयराम ठाकुर का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी लाइव सुना।
जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के देवी-देवताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ‘सेवा की यह ज्योति’ निरंतर प्रज्वलित रहे और जनकल्याण का मार्ग प्रकाशित करती रहे।
कार्यक्रम में सांसद कंगना रनौत, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, विधायक सुरेंद्र शौरी, विधायक लोकेंद्र कुमार, विधायक दीपराज, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित सूद, जिला सह प्रभारी प्रियंता शर्मा, पूर्व प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर, अखिलेश कपूर तथा जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।











