सुरभि न्यूज़ / आनी, कुल्लू
हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद, शिमला द्वारा भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के सौजन्य से 16 अक्तूबर, 2026 को सुबह 11 बजे राजकीय महाविद्यालय आनी, जिला कुल्लू में एक दिवसीय उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को दूरसंचार एवं प्रसारण क्षेत्र से जुड़े उनके अधिकारों, शिकायत निवारण तंत्र तथा सेवा गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के प्रति जागरूक करना है।
हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद के अध्यक्ष जोगेन्द्र कंवर तथा उपाध्यक्ष रणजीत सिंह धीमान ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि आज के डिजिटल एवं आधुनिक दौर में दूरसंचार और मनोरंजन से जुड़ी सेवाएं लोगों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी हैं। मोबाइल, इंटरनेट, केबल एवं अन्य संचार सेवाओं के बढ़ते उपयोग के बीच उपभोक्ताओं के लिए अपने अधिकारों और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया की जानकारी होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं को मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाओं से संबंधित शिकायतों के निवारण की तीन-स्तरीय व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा कॉल ड्रॉप, नेटवर्क कवरेज, इंटरनेट स्पीड, बिलिंग संबंधी विवाद तथा उपभोक्ता शिकायतों से जुड़े TRAI के दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की जाएगी।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को इतना जागरूक और सक्षम बनाना है कि वे दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं का सुरक्षित, सही और प्रभावी तरीके से उपयोग कर सकें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में उचित मंच पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकें।
कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे पूछ सकेंगे सवाल
जागरूकता शिविर में प्रदेश में कार्यरत विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इससे कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों को अपनी मोबाइल, इंटरनेट और अन्य दूरसंचार सेवाओं से संबंधित समस्याओं एवं शंकाओं को सीधे कंपनी प्रतिनिधियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के प्रश्नों और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा।
हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद के अध्यक्ष जोगेन्द्र कंवर और उपाध्यक्ष रणजीत सिंह धीमान ने आनी तथा आसपास के क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, उपभोक्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इस जागरूकता कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह जनहित में आयोजित किया जा रहा है और इसमें भाग लेना निःशुल्क है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे कार्यक्रम में पहुंचकर दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं से जुड़े अपने अधिकारों और शिकायत निवारण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें तथा इस जानकारी को अन्य उपभोक्ताओं तक भी पहुंचाएं।











