गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री तक 25 वर्षों की यात्रा को बताया सेवा, संकल्प और सतत प्रयास का प्रतीक

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू : 08 अक्तूबर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा केवल एक व्यक्ति की राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि शासन में निरंतरता, जवाबदेही और जनभागीदारी के बदलते स्वरूप की यात्रा भी है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन 25 वर्षों में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की जिम्मेदारी निभाई है। यह अवधि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लंबे समय तक निरंतर सार्वजनिक सेवा और शासन के अनुभव का महत्वपूर्ण पड़ाव है।

उन्होंने कहा कि “25 वर्ष सत्ता के नहीं, संकल्प की निरंतरता के हैं।” लोकतंत्र में इतने लंबे समय तक सरकार के मुखिया के रूप में लगातार सेवा करना अपने आप में सार्वजनिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कपूर ने कहा कि गुजरात में SWAGAT जैसे जनशिकायत समाधान के प्रयोग से लेकर केंद्र सरकार के स्तर पर PRAGATI, जनधन, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान और आधारभूत ढांचे के विस्तार तक शासन व्यवस्था में तकनीक के उपयोग तथा नागरिक सेवाओं को अधिक प्रत्यक्ष और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जारी प्रस्ताव में भी इन पहलों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है।

अखिलेश कपूर ने प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की यात्रा को तीन शब्दों में परिभाषित करते हुए कहा कि यह “सेवा, संकल्प और सतत प्रयास” की यात्रा है। उन्होंने कहा कि गुजरात से दिल्ली तक की यात्रा में परिस्थितियां और चुनौतियां लगातार बदलती रहीं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहकर देश और समाज के लिए कार्य करने की निरंतरता बनी रही।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के मुखिया के रूप में 8,931 दिन पूरे करते हुए भारत के निर्वाचित सरकार के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रमुख के रूप में एक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी पार किया।

2047 के विकसित भारत के लिए जनभागीदारी जरूरी
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि यह देश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सामूहिक संकल्प का विषय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी विकसित, आत्मनिर्भर और सक्षम भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि “25 वर्ष पूरे होना पड़ाव है, विराम नहीं।” भारत को विकसित, आत्मनिर्भर और सक्षम राष्ट्र बनाने का संकल्प आने वाली पीढ़ियों की जिम्मेदारी भी है। आज आवश्यकता है कि जनसेवा की इस भावना को व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा शासन में निरंतरता, तकनीक के बढ़ते उपयोग और नागरिकों की भागीदारी के विस्तार के रूप में भी देखी जा सकती है। आने वाले वर्षों में विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार और समाज के बीच सहभागिता को और मजबूत करना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *