राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को मनाली में दी गरिमापूर्ण विदाई

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ / प्रताप अरनोट, कुल्लू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का तीन दिवसीय हिमाचल प्रदेश दौरा राष्ट्रपति और प्रदेश की जनता के बीच आत्मीय एवं स्नेहपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने वाला रहा। यह बात राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने राष्ट्रपति के हिमाचल दौरे के समापन पर मनाली स्थित डीआरडीई हेलीपैड पर उन्हें गरिमापूर्ण विदाई देने के बाद कही।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति की हिमाचल प्रदेश में उपस्थिति प्रदेशवासियों के लिए गर्व और सम्मान का विषय रही। उनकी गरिमामयी उपस्थिति, आत्मीयता और लोगों के साथ संवाद ने इस यात्रा को विशेष बना दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के हिमाचल प्रवास की स्मृतियां लंबे समय तक प्रदेशवासियों के मन में बनी रहेंगी।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में उनकी सहभागिता महत्वपूर्ण रही।राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में मानवता की सेवा तथा दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दिया।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति का यह संदेश हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के लिए विशेष रूप से प्रासंगिक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति के विचार युवा चिकित्सकों को अपने ज्ञान और कौशल को प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सेवा के लिए समर्पित करने के लिए प्रेरित करेंगे।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति के हिमाचल दौरे में अटल टनल का भ्रमण भी महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि अटल टनल राज्य में बढ़ती कनेक्टिविटी और हिमाचल प्रदेश के सामरिक महत्व को रेखांकित करती है।

राष्ट्रपति ने कुल्लू जिले के मनाली स्थित ऐतिहासिक हिडिंबा माता मंदिर और मॉल रोड का भी दौरा किया। राज्यपाल ने कहा कि हिडिंबा माता मंदिर की यात्रा हिमाचल की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है। इसके अलावा राष्ट्रपति ने लाहौल-स्पीति जिले के सिस्सू का भी भ्रमण किया।

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रपति का यह प्रवास देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद और हिमाचल प्रदेश की जनता के बीच गहरे एवं आत्मीय संबंधों की अभिव्यक्ति रहा। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा हिमाचल प्रदेश में बिताए गए बहुमूल्य समय के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि यह दौरा प्रदेशवासियों के लिए विशेष एवं यादगार अनुभव रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *