सुरभि न्यूज़
विजयराज उपाध्याय, बिलासपुर
एबीवीपी के माध्यम से छात्र राजनीति की शुरूआत करने के बाद भाजयुमो और भाजपा में विभिन्न पदों का दायित्व बखूबी निभाते आ रहे स्वदेश ठाकुर को संगठन में पदोन्नति से नवाजा गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह जिला बिलासपुर के रहने वाले स्वदेश ठाकुर को मीडिया के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने में उनके कौशल और अनुभव के आधार पर प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
स्वदेश ठाकुर बिलासपुर में भाजपा का जाना-पहचाना चेहरा हैं। छात्र जीवन में एबीवीपी से जुड़ने वाले स्वदेश ठाकुर वर्ष 1988-89 में बिलासपुर काॅलेज में एससीए उपाध्यक्ष चुने गए थे।
युवाओं में उनकी गहरी पैठ को देखते हुए उन्हें भाजयुमो की टीम में शामिल किया गया। वह युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष, सचिव और महासचिव रह चुके हैं।
उसके बाद संगठन में पदोन्नति देकर पहले उन्हें भाजपा मीडिया प्रभारी का दायित्व दिया गया। उसके बाद उन्हें जिला सचिव बनाया गया।
वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्य कर रहे स्वदेश ठाकुर पिछले चुनाव में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
वर्ष 2017 और 2022 में बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दोनों रैलियों में उन्होंने सभा स्थल के प्रभारी का दायित्व भी बखूबी निभाया था।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के करीबियों में शुमार स्वदेश ठाकुर उनका मीडिया मैनेजमेंट का काम भी संभालते रहे हैं। जेपी नड्डा पिछले काफी समय से राष्ट्रीय राजनीति में हैं।
जेपी नड्डा के भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए हिमाचल में उनके मीडिया प्रभारी का दायित्व स्वदेश ठाकुर ही निभाते हैं।
मीडिया के साथ उनके मधुर और मजबूत रिश्तों के साथ ही कार्यकुशलता तथा अनुभव को देखते हुए अब उन्हें प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की सूची में शामिल किया गया है।उन्हें भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है।
स्वदेश ठाकुर ने इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल, नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा, झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल, पूर्व मंत्री राजेन्द्र गर्ग तथा जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि नए दायित्व को भी वह ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता की भावना से निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।