Listen to this article
सुरभि न्यूज़
सी आर शर्मा, आनी
विद्युत संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों /पेंशनधारको को चार दिन बाद भी वेतन व पेंशन न देने के विरोध मे भोजनावकाश के दौरान सभी अधिकारियों कर्मचारियों व विद्युत पेंशनर्स फोरम शाखा आनी के सैंकड़ों सदस्यों ने सरकार व बोर्ड प्रबंधन के खिलाफ जमकर धरना प्रदर्शन किया और रोष स्वरूप बोर्ड के अस्थाई एमडी डॉक्टर हरिकेश मीणा का पुतला फूँका।
यूनियन के प्रदेश मुख्य संगठन सचिव झाबे राम शर्मा ने कहा कि बोर्ड प्रबंध निर्देशक डॉक्टर हरिकेश मीणा की कार्यप्रणाली के कुप्रबंधन के परिणाम स्वरूप 52 साल के इतिहास मे पहली बार बिजली बोर्ड के कमाऊ विभाग के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है।
विरोध सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के मुख्य संगठन सचिव झाबे राम शर्मा, आनी इकाई के प्रधान प्रमोद कुमार शर्मा, सचिव रघुवीर भारती,
पेंशनर्स फोरम के अध्यक्ष नवल ठाकुर तथा इंजीनियर एसोसिएशन व पावर इंजीनियर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया और मांग की कि जब तक वेतन व पेंशन जारी नहीं होगी तब तक धरना जारी रहेगा जबकि 6 जनवरी के बाद संयुक्त मोर्चा अगला निर्णय व संघर्ष की रूपरेखा तैयार करेगा।
कर्मचारियों ने इस धरने के माध्यम से सरकार से कर्मचारियों के वेतन को जल्द जारी करने. बोर्ड प्रबंध निदेशक की स्थाई नियुक्ति करने, हरिकेश मीना को तुरंत प्रभाव से हटाने और पुरानी पेंशन बहाल करने के आदेश शीघ्र जारी करने की जोरदार मांग उठाई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की मांगों को यदि जल्द न माना गया तो विरोध प्रदर्शन उग्र रूप धारण करेगा, जिसके लिए स्वयं प्रदेश सरकार व बोर्ड प्रबंधन उत्तरदायी होंगे।











