सुरभि न्यूज़ ब्यूरो
मंडी, 13 अगस्त
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधान सभा क्षेत्र के बाली चौकी में तिरंगा यात्रा निकाल कर हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग, पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्तायों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा के समापन समारोह के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि देश की आज़ादी के लिए लाखों लोगों ने कुर्बानियां दी हैं। हमारे लिए आज भी लाखों सैनिक सरहद पर अपनी जान की बाज़ी लगाकर खड़े हैं। आज़ादी को पाने और उसे अक्षुण्ण रखने की बहुत बड़ी क़ीमत चुकाई है। हमारा दायित्व बनता हैं कि हम उनका आदर और सम्मान करे। अपने राष्ट्र, अपनी संस्कृति के प्रति हमारे भी कुछ कर्तव्य है, जिसके लिए हमें सदैव तत्पर रहना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश के आठ हजार बूथों पर भाजपा के चार लाख भारत के झंडे लगाएगी। देश में गणतंत्र व स्वतंत्रता दिवस नजदीक आने पर देश और प्रदेश के नागरिकों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। प्रधानमंत्री के द्वारा 15 अगस्त 2024 को 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाने की घोषणा की गई है। जिसके लिए हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में देश के सभी आयु वर्ग के नागरिक शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपना सम्मान प्रकट करते हुए देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर बलिदानियों को नमन करते हैं।