उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिमला के रिज मैदान में किया ध्वजारोहण 

Listen to this article
सुरभि न्यूज़ ब्यूरो 
शिमला, 15 अगस्त 
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस ऐतिहासिक रिज मैदान पर वीरवार को बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने दौरान मुख्यातिथि ठीक प्रातः 11:02 बजे ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात, आकर्षक परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट से सलामी ली। परेड में जिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स तथा पुलिस व होमगार्ड बैंड शामिल रहे।
इस अवसर पर उप मुख्य मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि आज का ऐतिहासिक एवं गौरवमयी दिन हमें उन सब की याद दिलाता है, जिनकी बदौलत हमें आजादी हासिल हुई है। इसलिए हम आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीर सपूतों एवं नायकों को नमन करते है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा पर नजर डाले तो भारत आज एक बड़ी शक्ति बनकर दुनिया के सामने खड़ा है। हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश के वीर जवान अपने अदम्य साहस, पराक्रम एवं बलिदान के लिए देश भर में जाने जाते है। याद रहे कि प्रदेश का पहला परमवीर चक्र राज्य के वीर सपूत मेजर सोमनाथ शर्मा ने हासिल किया था। कैप्टन धन सिंह थापा, कैप्टन विक्रम बत्रा और सूबेदार मेजर संजय कुमार ने अद्भुत पराक्रम दिखाकर परमवीर चक्र की श्रेणी में नाम दर्ज किया था।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस वर्ष अभी तक प्रदेश के 18 जवान शहीद हो चुके है। सूबेदार राजेश कुमार, सूबेदार नबांग टकपा, सुबेदार हरीश कुमार, हवलदार कुलविंदर सिंह, हवलदार कुलदीप कुमार, हवलदार सुरेश कुमार, हवलदार श्याम राणा, नायक कर्ण जीत सिंह, नायक विजय कुमार, नायक दिलवर खान, लांस नायक जसवीर सिंह, लांस नायक तनजीन थीले, लांस नायक प्रवीन शर्मा, सिपाही प्रकाश चन्द, गनर रोहित, सिपाही हैप्पी, सिपाही मनीष कुमार और अग्निवीर कार्तिक चम्बयाल मातृ भूमि की रक्षा करते शहीद हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने केन्द्र से आग्रह किया है कि देश के प्रति जज्बे को देखते हुए हिमालयन बटालियन खड़ी की जाए।
               
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल स्वतंत्रता दिवस के महान पर्व से पूर्व प्रदेश में आई आपदा के कारण भंयकर मंजर देखा गया है। प्रदेश की नदियां लगातार उफान पर है और बादल फटने की घटनाओं ने राज्य को झकझोर कर रख दिया है। राज्य में आई आपदा में इस मानसून में करीब 1000 करोड़ रूपए से अधिक का नुक्सान हुआ है। इसके अलावा, 200 लोग इस आपदा से अपनी जान गंवा चुके है। प्रदेश भर में 33 लोग अभी भी लापता है। शिमला के रामपुर से सटे समेज गांव में आई त्रासदी से 36 लोग काल का शिकार हुए हैं। अभी तक करीब 15 शवों को बरामद किया जा चुका है। राज्य सरकार ने सर्च आपरेशन चलाया हुआ है और लापता लोगों को ढूंढने का सिलसिला युद्ध स्तर पर चला है। ऊना में हाल ही की बाढ़ में 14 लोगों ने अपनी जान गवाई और अद्यौगिक क्षेत्र पूरी तरह से तबाह हो गया। उन्होंने कहा कि हम पूर्ण उम्मीद करते है कि संघीय ढांचे की मूल भावना का निवर्हन करते हुए केंद्र सरकार इस त्रासदी में प्रदेश को आर्थिक मदद मुहैया करवाएगी। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश सचिवालय महिला कबड्डी टीम को सम्मानित किया। इसके पश्चात मुख्यतिथि ने देश-प्रदेश की उन्नति व प्रगति के प्रतीक ग़ुब्बारों को हवा में छोड़ा।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष विधानसभा विनय कुमार, 7वें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल, मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राकटा, स्थानीय विधायक हरीश जनार्था, नगर निगम महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, हिमुडा वाइस चेयरमैन यशवंत छाजटा, कांग्रेस सेवा दल के प्रदेशाध्यक्ष अनुराग शर्मा, आईजी आईटीबीपी प्रेम सिंह, आर्ट्रेक से ब्रिगेडियर नवदीप बराड़ व लेफ्टिनेंट कर्नल अनुज श्रीवास्तव, कर्नल अर्पित यादव, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी, अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (प्रोटोकाल) ज्योति राणा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (लॉ एंड ऑर्डर) अजीत भारद्वाज, उपमंडल दण्डाधिकारी (ग्रामीण) कविता ठाकुर, उपमंडल दण्डाधिकारी (शहरी) भानु गुप्ता, सहायक आयुक्त गोपाल चंद शर्मा सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा समारोह में विभिन्न स्कूलों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी पेश किए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सेंट एडवर्ड स्कूल, स्वर्ण पब्लिक स्कूल टूटीकंडी, संभोता तिब्बतन स्कूल, डीएवी न्यू शिमला, ऑकलैंड हाउस स्कूल, राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर, केंद्रीय विद्यालय जाखू शामिल रहे। स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने खूब तालिया बटौरी। उपमुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले सभी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *