ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क तीर्थन रेंज में वन मित्र भर्ती परिणाम घोषित, बेटियों का रहा दबदबा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, तीर्थन घाटी गुशेनी बंजार

हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में स्थित ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की तीर्थन वन्यजीव रेंज में वन मित्र चयन भर्ती का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस भर्ती में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 में से 6 स्थानों पर अपनी जगह बनाई है। यह उपलब्धि न केवल उनकी कड़ी मेहनत और सेवा के प्रति समर्पण को दर्शाती है, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी है।

ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क तीर्थन रेंज की तिन्दर बीट से नेहा ठाकुर, रोला बीट से विवेक, भंडार बीट से लीलाधर, शाइरोपा मुख्यालय बीट से पल्लवी जोशी, श्रीकोर्ट बीट से खिला देवी, गुशेनी बीट से पल्लवी ठाकुर, चलोरी बीट से भोले चंद, मशीयार बीट से निर्मला देवी और बठाहड़ बीट से मीरा यादव का चयन बतौर वन मित्र हुआ है। चयनित अभ्यर्थी के अलावा दो अन्य को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।

वन मित्र नियुक्ति समिति द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) और दस्तावेज़ सत्यापन के बाद यह परिणाम घोषित किए गए। हालांकि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों में लड़कियों का दबदबा इस बात का प्रमाण है कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और हर चुनौती को पार करने में सक्षम हैं।

ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क शमशी वन मण्डल अधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि पार्क क्षेत्र की कुल 22 बीटों का वन मित्र भर्ती परिणाम घोषित किया गया है, जिसमें तीर्थन रेंज की 9 बीटें भी शामिल है। इन्होंने बताया कि तीर्थन वन्यजीव रेंज के ये 9 वन मित्र न केवल जंगल, पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण में योगदान देंगे, बल्कि स्थानीय समुदाय के साथ संतुलन बनाए रखने में भी अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। चयनित अभ्यार्थिओं को शीघ्र ही अलग से नियुक्ति प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।

वन विभाग और स्थानीय लोगों ने चयनित सभी अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *