Listen to this article
सुरभि न्यूज़, केलांग : जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने जलागम विकास कार्यक्रम (WDC–PMKSY 2.0) वर्ष 2025–26 के अंतर्गत ग्राम पंचायत तिन्दी क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की विधिवत आधारशिला रखी। इन कार्यों का उद्देश्य जल संरक्षण को सुदृढ़ करना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना तथा ग्रामीण संपर्क मार्गों को बेहतर बनाना है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत तिंदी में बाड़ा से अघार तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी 90/110 मि.मी. पाइपलाइन बिछाने, चेक वॉल निर्माण, कच्चे रास्तों का निर्माण, बुर्जी साइड चेक वॉल, हाज्जू-1 एवं हाज्जू-2 में चेक वॉल, खरेड़ी नाला से हाज्जू तक क्यू.सी. पाइपलाइन, हाज्जू में आरसीसी कूहल (पानी की नाली) तथा एम.एम. भवन अघार के समीप ब्रेस्ट वॉल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी, सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी और ग्रामीण संपर्क मार्गों में सुधार आएगा, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूर-दराज़ एवं जनजातीय क्षेत्रों में संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करना है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान 69 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं। महिला मंडल अघार तथा स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा।
विधायक अनुराधा राणा ने महिला मंडल अघार को ₹50,000, सीनियर सेकेंडरी स्कूल तिन्दी को ₹50,000, मंच संचालन के लिए गुनगुन ठाकुर को ₹11,000 तथा भाषण प्रतियोगिता में लक्षिता को ₹11,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की।
समारोह में पंचायत प्रधान तिन्दी कमला ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष वीना देवी, एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष ज्ञालछन ठाकुर, जिला परिषद सदस्य छेजांग डोलमा, डीसी चेयरमैन विपिन शाशनी, उपाध्यक्ष डीसी दिलीप बौद्ध, टीएसी सदस्य सुशील कुमार, पूर्व महासचिव प्यारे लाल शर्मा व अनिल ठाकुर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देवी सिंह, प्रधान सतीश किशोरी, उप-प्रधान मूलिंग सुशील, बीडीसी सदस्य दिनेश, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष साहिल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।










