केंद्र से हिमाचल को मिली ₹3,920 करोड़ की विशेष सहायता,  भाजपा ने जताया आभार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 31 मार्च

केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने पहाड़ी राज्यों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए ‘प्राइड ऑफ हिल्स – पहाड़ी राज्यों हेतु विशेष विकासात्मक सहायता’ योजना की शुरुआत करते हुए हिमाचल प्रदेश को ₹3,920 करोड़ की विशेष सहायता प्रदान की है।

प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने इस महत्वपूर्ण निर्णय पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता हिमाचल के विकास को नई गति देने वाली है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, प्रदेशध्यक्ष डा राजीव बिंदल, हिमाचल के सभी सांसदों एवं भाजपा प्रदेश नेतृत्व द्वारा केंद्र सरकार से बार-बार किए गए आग्रह और प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप ही यह योजना विशेष रूप से पहाड़ी राज्यों के लिए प्रारंभ की गई है, जिसका सीधा लाभ हिमाचल प्रदेश को मिला है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि यह राशि प्रदेश में सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, जलापूर्ति तथा अन्य आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति देगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, समस्त केंद्रीय नेतृत्व एवं केंद्र सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार पहाड़ी राज्यों के समग्र विकास के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को लगभग ₹65750 करोड़ की सहायता प्रदान की गई है, जो प्रदेश के प्रति केंद्र की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा जहां एक ओर केंद्र सरकार लगातार हिमाचल के विकास के लिए सहायता प्रदान कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता पर टैक्स का बोझ डाल रही है। हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा एंट्री टैक्स लगाने के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक भार बढ़ा है।

अखिलेश कपूर ने इन फैसलों का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सरकार से मांग करती है कि जनता विरोधी इन निर्णयों को तुरंत वापस लिया जाए। अन्यथा भाजपा प्रदेश की जनता के साथ सड़कों पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेगी।

उन्होंने प्रदेश के सभी सांसदों का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश के बीच बेहतर समन्वय के कारण ही हिमाचल को इस प्रकार की महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त हो रही है। आने वाले समय में यह राशि प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

अखिलेश कपूर ने विश्वास दिलाया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी तथा हिमाचल को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के संकल्प को साकार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *