प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना में प्रशिक्षण के लिये 10 अप्रैल तक करें आवेदन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 31 मार्च

जिला कुल्लू में अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि को 31 मार्च से बढ़ाकर अब 10 अप्रैल 2026 कर दी गई है। यह जानकारी जिला कल्याण अधिकारी ने दी।

उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और विशेष रूप से सक्षम सशक्तिकरण निदेशालय (ESOMSA), हिमाचल प्रदेश तथा राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT), शिमला के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण अप्रैल 2026 में राज इंट्रा टेक, ढालपुर (जिला न्यायालय के समीप) में संचालित होगा।

प्रशिक्षण के अंतर्गत “कॉन्सेप्ट्स ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी” तथा “ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एंड पब्लिशिंग” जैसे कोर्स शामिल हैं। दोनों पाठ्यक्रमों की अवधि 3-3 माह निर्धारित की गई है।

योजना के तहत आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का अनुसूचित जाति वर्ग से हो, हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी हो तथा आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। चयन 10+2 अथवा स्नातक अंकों के आधार पर मेरिट के अनुसार किया जाएगा। बीपीएल अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा 30 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं।

पात्र युवाओं से अपील की है कि वे बढ़ाई गई अंतिम तिथि का लाभ उठाते हुए समय पर आवेदन करें और इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़कर अपने कौशल का विकास करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *