Listen to this article
सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, आनी
देशभक्ति, सम्मान और सामाजिक एकता की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एकल अभियान द्वारा सरस्वती विद्या मन्दिर आनी के सभागार में एक भव्य सैनिक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह आयोजन दक्षिण हिमाचल संभाग के अंतर्गत शिमला भाग के आनी अंचल में आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्रभर के पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। इस कार्यक्रम में एपीएमसी कुल्लू एव्ं लाहौल स्पीति के पूर्व चेयरमैन अमर ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि और उनके साथ सेवानिवृत्त कैप्टन भीमा नन्द शर्मा. गौरव सैनिक समिति आनी के अध्यक्ष सुनील वर्मा, जिला शिमला के प्रभारी सुनील तथा करसोग अंचल से आए प्रदीप भारद्वाज ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में मंच का संचालन महेंद्र शर्मा ने किया।
अंचल आयोजन समिति के अध्यक्ष परस राम चौहान ने बताया कि कार्यक्रम का कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत के नागरिकों और देश की सीमाओं पर सजग प्रहरी के रूप में अपनी सेवाएं देने बाले उन वीर सैनिकों का सम्मान करना था। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 60 पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को वीरता सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में बरिष्ठ नेता सुरेंद्र ठाकुर, देवेंद्र ठाकुर, डॉ. प्रकाश, श्यामा नन्द जैसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एवं एपीएमसी कुल्लू एव्ं लाहौल स्पीति के पूर्व अध्यक्ष अमर ठाकुर ने अपने संबोधन में देश भक्ति का जज्बा भरते हुए देश की रक्षा में पूर्व सैनिकों के योगदान को सराहा और जज्बे को सलाम किया। उन्होंने सभी से भारतीय सनातन संस्कृति को बनाए रखने पर बल दिया। कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को देशभक्ति, अनुशासन और सेवा की प्रेरणा देने का भी प्रयास किया गया।
एकल अभियान के संगठन मन्त्री एव्ं आनी अंचल के संरक्षक अजय गाजटा ने अपने संबोधन में कहा कि एकल अभियान, जो “शिक्षित भारत, स्वस्थ भारत, समर्थ भारत और संस्कार शिक्षा” के मूल मंत्र पर कार्य कर रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है।
आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में भाग लिया। इस मौके पर संच अध्यक्ष हंसा वर्मा, उपाध्याय तिलक राज, रादेश ठाकुर, संदीपना, गुलाब ठाकुर तथा वीर सिंह सहित एकल अभियान से जुड़े अन्य कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक सहित अन्य कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।














