केलांग में जिला स्तरीय रेड क्रॉस दिवस धूमधाम से मनाया, उपायुक्त किरण भड़ाना ने स्वास्थ्य शिविर का किया शुभारंभ 

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट : केलांग, 09 मई
जिला मुख्यालय केलांग के पुराने सर्किट हाउस में जिला स्तरीय रेड क्रॉस दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त लाहौल स्पीति किरण भड़ाना  ने बतौर मुख्य अतिथि  शिरकत की। कार्यक्रम का उद्देश्य मानवता की सेवा और सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। इस अवसर पर आयुष विभाग और स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिनका उद्घाटन मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। विशेष रूप से, उपायुक्त और अन्य महिला अधिकारियों ने स्वयं इन शिविरों में अपना स्वास्थ्य जाँच करवा कर  लोगों को विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक किया और नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। जिसमें  39 लोगों ने रक्तदान किया। इसके साथ ही, पुलिस विभाग द्वारा नशा निवारण पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया। इससे पूर्व स्थानीय स्कूलों के छात्रों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलांग, राजकीय प्राथमिक पाठशाला केलांग और केंद्रीय विद्यालय के छात्रों ने विज्ञान मॉडल प्रदर्शित कर अपनी रचनात्मकता को प्रदर्शित किया इसके अतिरिक्त छात्रों के बीच नारा लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। उपायुक्त किरण भडाना ने बच्चों के साथ बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर  रश्मि शर्मा डीएसपी  केलांग, नताशा ठाकुर जिला आयुष अधिकारी, मनोज कुमार गांधी कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी  और विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे और स्वयंसेवक इस सफल आयोजन के साक्षी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *