कांग्रेस की बिजली गारंटी पर भाजपा का हमला, अखिलेश कपूर ने सरकार से मांगे जवाब

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 25 जून

प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा कर जनता से समर्थन हासिल किया था, लेकिन सरकार बनने के लगभग चार वर्ष बाद भी यह वादा धरातल पर नहीं उतर पाया है।

उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली देने के बजाय कांग्रेस सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं पर फ्यूल चार्ज, मिल्क सेस और अन्य अतिरिक्त शुल्कों का बोझ डाल दिया है। इससे प्रदेश के लाखों परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है और जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी में स्पष्ट अंतर दिखाई दे रहा है। चुनाव के समय राहत देने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन आज उपभोक्ताओं को लगातार बढ़ते बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी चुनावी गारंटियों को पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि पहले से लागू 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को भी सरकार ने विभिन्न शर्तों से जोड़ दिया है, जिसके कारण अनेक पात्र उपभोक्ता इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और जनता के विरोध के बाद सरकार को अपने कुछ निर्णय वापस लेने पड़े, जिससे उसकी नीतिगत अस्थिरता उजागर हुई है।

इस दौरान अखिलेश कपूर ने सरकार के समक्ष पांच महत्वपूर्ण प्रश्न भी उठाए। उन्होंने पूछा कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा आखिर कब पूरा किया जाएगा, बिजली पर फ्यूल चार्ज लगाने की आवश्यकता क्यों पड़ी, मुफ्त बिजली के दावे के बावजूद नए-नए शुल्क किस आधार पर लगाए जा रहे हैं, 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना पर अतिरिक्त शर्तें क्यों थोपी गईं और क्या सरकार मानती है कि उसके चुनावी वादों और वर्तमान नीतियों के बीच बड़ा अंतर है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार से जवाब चाहती है। उन्होंने कांग्रेस सरकार से चुनावी वादों को पूरा करने और बिजली उपभोक्ताओं को वास्तविक राहत देने की मांग की। साथ ही कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार को उसके वादों की याद दिलाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनता से किए गए अपने वादों को पूरा नहीं करती है तो आने वाले समय में प्रदेश की जनता इसका लोकतांत्रिक जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *