सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 27 जून
कुल्लू जिले में 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में 28 जून को बूथ कवरेज तथा 29-30 जून को घर-घर जाकर दवा पिलाने की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में माइक्रो-प्लान पर चर्चा करते हुए कुल्लू, बंजार, जरी, नगर और निरमंड ब्लॉकों के लक्षित बच्चों, टीमों और बूथों की विस्तार से जानकारी दी गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने विभागीय समन्वय के साथ एचआरटीसी, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास, आयर्वेद विभाग, आंगनवाड़ी और पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका का महत्व बताते हुए सभी को इस कार्य को सम्पन्न करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि 0-5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करने के लिए सभी लोग इस सन्देश को प्रचारित करें ताकि कोई भी बच्चा इससे वंचित न रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिला के बस अड्डों सहित सभी ट्रांजिट पॉइंट्स पर भी पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे ताकि जिला में आने वाले पर्यटकों के 0-5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा सके।
—










