सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट जोगिंदर नगर
विकासखंड चौंतड़ा के अंतर्गत एचपी शिवा परियोजना के तहत खड़ीहार क्लस्टर में लीची के पौधों की पहली खेप पहुंच गई है। लगभग 10 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किए जा रहे इस क्लस्टर में कुल 6,000 लीची के पौधे रोपे जाने हैं, जिनमें से 3,000 पौधों की पहली खेप का वितरण शुरू कर दिया गया है।
बागवानी विकास अधिकारी चौंतड़ा निद्धि ठाकुर ने बताया कि इस क्लस्टर के माध्यम से क्षेत्र के कुल 74 बागवानों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचेगा। लीची की खेती से स्थानीय बागवानों की आय में बढ़ोतरी होगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी।
पौधों के वितरण के साथ ही बागवानों को सही तरीके से पौधारोपण का प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने बागवानों को सलाह दी कि पौधे रोपने के दौरान प्रत्येक गड्ढे में 10 से 15 किलोग्राम गली-सड़ी गोबर की खाद मिलाना अनिवार्य है। पौधों के बेहतर और तेजी से विकास के लिए 500 ग्राम सिंगल सुपर फॉस्फेट प्रति पौधा जरूर डालें। स्थानीय बागवानों ने उत्साह के साथ लीची के पौधे प्राप्त किए और एचपी शिवा परियोजना के इस प्रयास की सराहना की।














