नशामुक्त भारत अभियान : जोगिन्दर नगर उपमंडलाधिकारी मनीश चौधरी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, जोगिंदर नगर : 18 अगस्त

नशामुक्त भारत अभियान के तहत आज मिनी सचिवालय जोगिंदर नगर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) मनीश चौधरी ने की। इस दौरान एसडीएम ने मिनी सचिवालय में कार्यरत विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई।

एसडीएम मनीश चौधरी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि युवा किसी भी देश की वास्तविक शक्ति और ऊर्जा होते हैं। देश और समाज के निरंतर विकास के लिए युवाओं का नशे से दूर रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से अपील की कि वे ‘नशामुक्त भारत’ के इस पावन संकल्प को केवल अपने तक सीमित न रखकर जन-जन तक पहुंचाएं।

शपथ ग्रहण के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूर्ण निष्ठा के साथ संकल्प लिया कि वे स्वयं हर प्रकार के नशे से दूर रहेंगे। अपने परिवार, मित्रों और आसपास के समुदाय को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। नशामुक्त समाज और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी क्षमता अनुसार हर संभव योगदान देंगे।

इस अवसर पर नगर परिषद जोगिंदर नगर की अध्यक्ष संतोष कुमारी, तहसीलदार रजत सेठी, नायब तहसीलदार जागृति राठौर सहित मिनी सचिवालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी विशेष रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *