युवराज बौद्ध को मिला भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी का दायित्व

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के संयोजक युवराज बौद्ध को पार्टी ने नई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “नमो सेवा अनकही कहानियां” कार्यक्रम के लिए भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय प्रभारी नियुक्त किया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा कार्यों के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश सहित देशभर में “सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा” चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से प्रत्येक मतदान केंद्र पर 100 दीपक जलाने सहित विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महीने भर चलने वाले इस अभियान का समापन 17 अक्टूबर को होगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी प्रयासों को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

युवराज बौद्ध को राष्ट्रीय स्तर पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर हिमाचल प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ देशभर के अनुसूचित जनजाति समाज के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि युवराज बौद्ध अपने अनुभव और संगठनात्मक क्षमता के माध्यम से इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *