अमर चंद चौहान बने हिमाचल प्रदेश ज्ञान विज्ञान समिति आनी के अध्यक्ष

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

छविन्दर शर्मा, आनी

हिमाचल प्रदेश ज्ञान विज्ञान समिति (एचजीवीएस) खंड आनी की बैठक उपमंडल कार्यालय आनी के सभागार में एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुआ। उद्घाटन सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य अमर चंद चौहान ने मुख्य अतिथि, राज्य एवं जिला इकाई से पहुंचे पदाधिकारियों तथा उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया।

मंच संचालन करते हुए प्रवक्ता कुन्दन शर्मा ने खंड आनी की गतिविधियों एवं कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। एचजीवीएस के राष्ट्रीय कन्वीनर एवं राज्य उपाध्यक्ष सुमित्रा चंदेल ने समिति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए लोगों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि एसडीएम लक्ष्मण कनेट ने पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, नशा निवारण और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में एचजीवीएस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने समिति के प्रयासों को राष्ट्रीय महत्व के लिए आवश्यक बताया।

उद्घाटन सत्र के बाद संगठनात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक लाल सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत शिल्ली की प्रधान सनोहरू देवी और ग्राम पंचायत च्वाई की प्रधान हंसा वर्मा ने की। एचजीवीएस के राज्य सचिव सत्यवान पुंडीर ने संगठन का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए नवगठित खंड इकाई के पदाधिकारियों से निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक श्यामानंद, डॉ. प्रकाश आचार्य, तिलका ठाकुर, रंजना शर्मा, संदीपना ठाकुर और मीनाक्षी शर्मा ने खंड आनी के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों की जानकारी दी।

सम्मेलन में सर्वसम्मति से एचजीवीएस खंड आनी की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। अमर चंद चौहान को अध्यक्ष, सनोहरू देवी और रंजना शर्मा को उपाध्यक्ष, कुन्दन शर्मा को सचिव, डॉ. प्रकाश आचार्य और ध्यान ठाकुर को सह-सचिव तथा मीनाक्षी शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया।

पोविंदर चौहान, श्यामानंद, तिलका ठाकुर और संदीपना ठाकुर को सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई। हंसा वर्मा, रामानंद, तुलसी शर्मा, शनि ठाकुर, मोहर सिंह, कविता ठाकुर, सुषमा ठाकुर, ममता वर्मा, रणवीर, मीना देवी, लीला देवी, शीला देवी और वीना देवी को सदस्य चुना गया। दीवान राजा को प्रेस सचिव तथा गुलपाल ठाकुर को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया।

सम्मेलन में राज्य उपाध्यक्ष डॉ. आरके शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण तथा जिला सचिव हीरा लाल ने संगठनात्मक गतिविधियों पर विचार रखे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमर चंद चौहान ने नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए मिलजुलकर कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी से सहयोग का आग्रह किया।

अंत में जिला सह-सचिव मान ठाकुर ने सम्मेलन में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं सदस्यों का औपचारिक धन्यवाद किया। सम्मेलन में आनी खंड के एचजीवीएस के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *