सुरभि न्यूज़
नग्गर, कुल्ल
राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर महिला साहित्यकार संस्था हिमाचल प्रदेश कुल्लू इकाई द्वारा नग्गर पाठशाला में साहित्यिक आयोजन किया गया, जिसमें काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।
यह साहित्यिक आयोजन प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर रिता सिंह के नेतृत्व एवं दिशा निर्देश में आयोजित किया गया। इस आयोजन मेँ महिला साहित्यकार संस्था की जिला अध्यक्ष सोमलता ठाकुर व कोषाध्यक्ष सुषमा शर्मा मौजूद रही।
संस्था की प्रचार सचिव शारदा देवी अरनोट ने जानकारी देते हुए बताया कि गणेश चतुर्थी के पावन पर्व एवं राष्ट्रीय हिन्दी दिवस के शुभ अवसर पर महिला साहित्यकार संस्था कुल्लू द्वारा राष्ट्रीय हिंदी दिवस नगर स्कूल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आगाज प्राथना सभा में किया गया जिसकी अध्यक्षता महिला साहित्यकार संस्था की अध्यक्ष सोमलता ठाकुर ने की जबकि सचिव सुषमा शर्मा विशेष रूप में उपस्थित रही।
प्रधानाचार्य जय सिंह ने इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए कहा कि 14 सितंबर को हर साल राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी गई हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। लंबे विचार-विमर्श के बाद हिंदी को देश की आधिकारिक (राजभाषा) भाषा बनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इस दिन के महत्व को याद रखने और बढ़ावा देने के लिए पहली बार 14 सितंबर 1953 को हिंदी दिवस मनाया गया था। अध्यापिका सविता कुमारी ने अपने विचार रखे।
साहित्यिक आयोजन में तमन्ना ठाकुर, गायत्री, रिहान, महक, जिया, रागिनी, सक्षम, मोहित, सुजल, आलीशा, ओम लता, दिव्यंशी व वंशिका ने काव्य पाठ किया जबकि अध्यापिका मोनिका ने मंच संचालन का कुशल परिचय दिया।










