एनएचपीसी द्वारा 47वीं वार्षिक आम बैठक का किया आयोजन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ ब्यूरो 

फरीदाबाद, हरियाणा 

एनएचपीसी ने अपने निगम मुख्यालय, फ़रीदाबाद से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी 47वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) आयोजित की गई। कंपनी के सदस्यों ने वर्ष 2022-23 के लिए 1.85/- रुपए प्रति इक्विटी शेयर के लाभांश की घोषणा के प्रस्ताव पर विचार किया, जिसमें मार्च 2023 में भुगतान किए गए प्रति इक्विटी शेयर 1.40/- रुपए का अंतरिम लाभांश शामिल है।

सीएमडी एनएचपीसी आर.के. विश्नोई  ने वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों को संबोधित किया। इस वार्षिक आम बैठक में एनएचपीसी बोर्ड के सदस्यगण आर.पी. गोयल, निदेशक (वित्त),  बिश्वजीत बासु, निदेशक (परियोजनाएं), उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), एनएचपीसी के स्वतंत्र निदेशकगण डॉ. उदय सखाराम निर्गुडकर, प्रो. (डॉ.) अमित कंसल, प्रो. (डॉ.) रश्मि शर्मा रावल, जिजी जोसफ, प्रेमकुमार गोवर्धनन के साथ रूपा देब कंपनी सचिव एनएचपीसी भी उपस्थित रही।

इस अवसर पर सीएमडी ने एनएचपीसी की विभिन्न प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया। विश्नोई ने बताया कि एनएचपीसी ने पिछले वित्त वर्ष में 3537.71 करोड़ रुपए की तुलना में 8% की वृद्धि दर्ज करते हुए एकल आधार पर, कर पश्चात वार्षिक लाभ (पीएटी) 3833.79 करोड़ रुपए अर्जित किया है जोकि अब तक का सर्वाधिक अर्जित लाभ है।

उन्होंने जानकारी देते हुए यह भी बताया कि एनएचपीसी के पावर स्टेशनों द्वारा 24,907 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया और वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान अब तक का सर्वाधिक 88.75% वार्षिक संयंत्र उपलब्धता कारक (पीएएफ) दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि शेयरधारकों से अनुमोदन प्राप्त होने पर, वित्त वर्ष 2022-23 के लिए कुल लाभांश भुगतान 1858.33 करोड़ रुपए होगा।

सीएमडी ने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन ने भारी उद्योग, परिवहन आदि जैसे विभिन्न क्षेत्रों को डिकार्बनाइज़ करने के लिए एक संभावित समाधान के रूप में ध्यान आकर्षित किया है और उम्मीद है कि यह ऊर्जा का भविष्य होगा।

इसकी क्षमता को पहचानते हुए एनएचपीसी ने पहले ही केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह और कारगिल जिलों तथा हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में तीन पायलट ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के विकास के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये पायलट परियोजनाएं हरित हाइड्रोजन के भविष्य के विकास और उसके बाद परिवहन/हीटिंग क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन में कमी के लिए रोडमैप तैयार करेंगी। वार्षिक आम बैठक में कंपनी के प्रदर्शन के संबंध में सदस्यों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का भी उत्तर दिया गया।

 

इस खबर को जरूर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *