सुरभि न्यूज
बिलासपुर, 21 जुलाई
जिला बिलासपुर की नगर पंचायत तलाई के वार्ड नंबर-7 (सेऊ) में एक भतीजे ने अपनी चाची के सिर पर लोहे की रॉड़ मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी भतीजे और जेठ को भी गिरफ्तार कर लिया है।
उपमंडल झंडूता की नगर पंचायत तलाई के वार्ड नंबर-7 (सेऊ) में भतीजे ने जमीनी विवाद में अपनी चाची की हत्या कर दी। तलाई थाना पुलिस ने मृतक महिला के दामाद के बयान पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी भतीजे और जेठ को भी गिरफ्तार कर लिया है।
दामाद जीवन कुमार निवासी गांव छपरोह डाकघर हरसौर तहसील बड़सर हमीरपुर ने पुलिस को दिए बयान दिया कि शनिवार को तलाई स्थित ससुराल आया था। शाम को उसकी पत्नी वीना देवी, साली भुट्टो देवी, सास रोशनी देवी अपने मकान के साथ बीड़ पर खरपवार की साफ.-सफाई कर रहीं थी। उसी समय ताया ससुर प्रकाश चंद ने उन्हें पत्थर मारना शुरू कर दिया। वह चीखने चिल्लाने लगीं इतने में पीछे से ताया ससुर का बेटा दलीप सिंह लोहे की रॉड लेकर आया और उससे सास के सिर पर मार दी। सास वहीं बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।
वह सास रोशनी देवी पत्नी वीना देवी, साली भुट्टो देवी को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल बरठीं ले गया, जहां चिकित्सक ने सास रोशनी देवी को मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगामी कार्रवाई की जा रही है।








