सुरभि न्यूज़
बंजार, कुल्लू : 17 जुलाई
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र 1148, राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार के सहायक समन्वयक प्रो. राम नंद ठाकुर द्वारा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है।
विश्वविद्यालय के सक्षम प्राधिकारी ने शैक्षणिक सत्र जुलाई 2026 के लिए ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) और ऑनलाइन मोड के तहत आने वाले सभी पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन री-रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दिया है।
सहायक समन्वयक प्रो. राम नंद ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और अन्य सभी वार्षिक या सेमेस्टर आधारित प्रोग्राम के पुराने विद्यार्थियों के लिए अगली कक्षा या सेमेस्टर में प्रवेश पाने हेतु यह री-रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी छात्र का अभी परीक्षा परिणाम नहीं आया है या वह परीक्षा में शामिल नहीं हो सका है, तब भी उसे अगले वर्ष के लिए री-रजिस्ट्रेशन कराना होगा ताकि उसका शैक्षणिक सत्र खराब न हो।
विद्यार्थी इग्नू के आधिकारिक समर्थ पोर्टल पर जाकर पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से अपना फॉर्म भर सकते हैं और निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।
बंजार केंद्र प्रशासन ने क्षेत्र के दूरदराज और ग्रामीण इलाकों के शिक्षार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय में होने वाली तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए 31 जुलाई से पहले अपना पंजीकरण कार्य अवश्य पूरा कर लें और किसी भी प्रकार की असुविधा या मार्गदर्शन के लिए कॉलेज परिसर स्थित इग्नू केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।











