एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 
प्रताप अरनोट, चंडीगढ़ : 15 अगस्त

एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ द्वारा आज दिनांक 15 अगस्त 2026 को कार्यालय परिसर, सेक्टर-31ए, चंडीगढ़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम एवं श्रीमती रश्मी ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत सभी कार्मिकों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया। सुरक्षा जवानों, उपस्थित समस्त कार्मिकों एवं उनके परिजनों ने राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन करते हुए राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

आदित्य गौतम ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कार्मिकों को निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देश को प्रगतिशील एवं सशक्त बनाने में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया तथा स्वतंत्रता प्राप्ति के संघर्ष में उनके द्वारा सहे गए त्याग एवं यातनाओं को स्मरण किया।

उन्होंने बताया कि एनएचपीसी लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 में ₹3,618 करोड़ का स्टैंडअलोन कर-पश्चात लाभ (PAT) दर्ज किया, जो पिछले वित्त वर्ष के ₹3,084 करोड़ की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ ₹4,220 करोड़ रहा, जिसमें 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

निदेशक मंडल ने ₹1.40 प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश के अतिरिक्त ₹0.21 प्रति शेयर अंतिम लाभांश की सिफारिश की है, जिससे कुल लाभांश ₹1.61 प्रति शेयर हो जाएगा।

वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान एनएचपीसी ने 1,850 मेगावाट की रिकॉर्ड क्षमता वृद्धि हासिल की, जिसमें सुबनसिरी लोअर (750 मेगावाट), पार्बती-II (800 मेगावाट) तथा करनिसर सोलर (300 मेगावाट) शामिल हैं। कंपनी के 25 पावर स्टेशनों ने कुल 23,307 मिलियन यूनिट (MU) विद्युत उत्पादन किया।

वर्तमान में एनएचपीसी समूह की कुल स्थापित क्षमता 9,333 मेगावाट है, जबकि 9,204 मेगावाट क्षमता की 17 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। गौतम ने सभी कार्मिकों से एनएचपीसी की प्रगति में निरंतर योगदान देने तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *