केलांग में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने फहराया तिरंगा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, केलांग : 15 अगस्त

लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग में 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और हिमाचली संस्कृति के रंगों के साथ हर्षोल्लास एवं गरिमा से मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने की। उन्होंने तिरंगा फहराया और विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली।

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, पुलिस एवं अन्य टुकड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। इसके बाद स्थानीय विद्यालयों और सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति, हिमाचली लोक संस्कृति तथा जनजातीय परंपराओं पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यातिथि ने प्रत्येक सांस्कृतिक दल को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

जनजातीय क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता
समारोह को संबोधित करते हुए सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का जनजातीय विकास मॉडल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सरकार दूरदराज क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 42.49 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र अनुसूचित क्षेत्रों के अंतर्गत आता है, जबकि यहां प्रदेश की कुल आबादी का 5.71 प्रतिशत हिस्सा निवास करता है। जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए वर्ष 2024-25 में ट्राइबल सब-प्लान के तहत 890.28 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2025-26 में 638.73 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया।

विधायक ने लाहौल के विकास में पूर्ववर्ती सरकारों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि रोहतांग टनल की परिकल्पना लंबे समय से चली आ रही थी। उन्होंने कहा कि 28 जून 2010 को रोहतांग टनल का शिलान्यास तत्कालीन केंद्र की यूपीए सरकार के समय हुआ था। आज यह सुरंग लाहौल की जीवनरेखा बन चुकी है और इससे पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। उन्होंने लाहौल को लद्दाख से जोड़ने की दिशा में भी पूर्व में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया।

विधायक ने बताया कि लाहौल एवं उदयपुर उपमंडल के 91 प्राथमिक विद्यालयों, चार ब्लॉक और 40 क्लस्टरों में निपुण भारत मिशन संचालित किया जा रहा है। जिले के लिए दो पीएम श्री स्कूलों को मंजूरी दी गई है। पहली से दसवीं कक्षा तक विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से 29 स्वास्थ्य शिविरों में 856 लोगों को सेवाएं दी गईं, जबकि 66 निःशुल्क चिकित्सा शिविरों में 2520 लोग लाभान्वित हुए। स्पीति में तीन आयुष स्वास्थ्य केंद्रों तथा पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 10 उप स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में उन्नत किया गया।

चिनाव घाटी मंडल लोक निर्माण विभाग उदयपुर के तहत वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लिए 14.97 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जिसमें से 11.06 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वर्ष 2025-26 में पांच पुलों के निर्माण के लिए 36.41 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। वारिंग से तिवोक ओथांग सड़क का करीब 20 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिसके लिए 10.23 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। सिस्सू के नर्सरी क्षेत्र में चंद्रा नदी पर 110 मीटर लंबे मोटर योग्य पुल के लिए 9.71 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

त्रिलोकीनाथ में करीब 1.84 करोड़ रुपये की लागत से सराय भवन तथा उदयपुर में 3.68 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल कैरियर सेंटर का निर्माण पूरा हो चुका है।

मनरेगा के तहत जिले में 64,616 श्रम दिवस सृजित किए गए हैं तथा 88 परिवारों ने 100 दिन का रोजगार पूरा किया है। चालू वित्त वर्ष में ग्रामीण रोजगार पर 4.57 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जिले में 2835 पेंशनरों को लाभ मिल रहा है। वहीं इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत लाहौल-स्पीति में 1171 महिलाएं लाभान्वित हुई हैं।

जल शक्ति विभाग के तहत जनजातीय विकास कार्यक्रम में 66 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं पर काम चल रहा है। 6.06 करोड़ रुपये की लागत से शीतकालीन पेयजल योजना गोंधला पूरी हो चुकी है। वहीं 26.75 करोड़ रुपये की लागत वाली मल निकासी योजना केलांग का कार्य शुरू हो गया है।

डोकसा नाला से क्यूलिंगथंग-माने योगमा बहाव सिंचाई योजना की अनुमानित लागत 2.59 करोड़ रुपये है। योजना से 60 किसानों की 86.16 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

लाहौल-स्पीति में 1680 क्विंटल मटर बीज वितरित किया गया, जिससे करीब 1200 किसान लाभान्वित हुए। सौर सिंचाई योजना के तहत पांच किसानों को सोलर वाटर लिफ्टिंग सुविधा दी गई। किसानों को पावर टिलर/वीडर, पावर स्प्रेयर और ब्रश कटर पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।

र्ष 2026-27 में लाहौल घाटी के 2200 किसानों के खेतों से मिट्टी के नमूने लेकर जांच की गई है। मुख्यमंत्री खेत उत्पादन संरक्षण योजना के तहत बाड़बंदी के लिए 20 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, संस्थाओं और अन्य व्यक्तियों को मुख्यातिथि ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए गए।

समारोह में लाहौल-स्पीति विधायक अनुराधा राणा, उपायुक्त किरण भड़ाना, पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स, डीएफओ इंद्रजीत सीरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन के अंत में सुंदर सिंह ठाकुर ने जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी मिलकर लाहौल-स्पीति को विकास, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और बेहतर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में देश के अग्रणी जनजातीय जिलों में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *