सुरभि न्यूज़
केलांग, 18 अगस्त
जिला लाहौल-स्पीति में आगामी जनगणना कार्य को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में जनगणना से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना प्रक्रिया, प्रपत्र भरने तथा डिजिटल माध्यम से आंकड़े संकलित करने की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने स्वयं जनगणना प्रपत्र भरकर प्रक्रिया को समझा और जनगणना कार्य की व्यवहारिक प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध करवाने वाली राष्ट्रीय प्रक्रिया है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षकों विकास कुमार और आशीष रस्तोगी ने प्रतिभागियों को जनगणना प्रपत्र में दर्ज की जाने वाली विभिन्न जानकारियों, डिजिटल माध्यम से आंकड़े संकलित करने तथा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कार्य पूरा करने की प्रक्रिया से अवगत करवाया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि शीतकालीन क्षेत्रों में स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा 17 से 31 अगस्त 2026 तक उपलब्ध रहेगी। नागरिक se-selfenumeration.census.gov.in के माध्यम से अपनी स्व-गणना कर सकते हैं। इसके बाद 1 से 30 सितंबर 2026 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। वहीं बेघर परिवारों की गणना 30 सितंबर 2026 को की जाएगी।
इसके बाद 1 से 5 अक्टूबर 2026 तक पुनरीक्षण चरण (Revisional Round) आयोजित होगा। इसमें 1 से 30 सितंबर के बीच छूटे हुए व्यक्तियों एवं इस अवधि में जन्मे नवजात शिशुओं को गणना अभिलेख में शामिल किया जाएगा। इसी दौरान हुई मृत्यु की जानकारी भी नियमानुसार अभिलेखों में अद्यतन की जाएगी।
जनगणना के दौरान कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें आठ व्यापक श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इनमें बुनियादी जानकारी, आयु, वैवाहिक स्थिति एवं राष्ट्रीयता, सामाजिक विशेषताएं, भाषा एवं साक्षरता, आर्थिक गतिविधियां, प्रवासन, प्रजनन क्षमता तथा अन्य आवश्यक विवरण शामिल हैं।
जनगणना संबंधी जानकारी Population Enumeration (PE) Mobile App के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान लाहौल-स्पीति जैसे कठिन एवं शीतकालीन परिस्थितियों वाले क्षेत्रों में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक तैयारियों और सावधानियों पर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त ने जिला लाहौल-स्पीति के सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें।
इस अवसर पर एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स, तहसीलदार केलांग विकास कुमार, नायब तहसीलदार केलांग शेर सिंह तथा एनआईसी के डीआईओ संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उदयपुर के नायब तहसीलदार विनय भी प्रशिक्षण में मौजूद रहे। स्पीति से एडीसी काजा शिखा, एसडीएम स्पीति दीक्षित राणा तथा नायब तहसीलदार स्पीति अशोक कुमार सहित पांच अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से प्रशिक्षण में जुड़े।











